हर महीने बताएं, खेल अधोसंरचना में कितनी हुई प्रगति : साव

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

उप मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, हर जिले में खेल संघ बनाने और प्रतिभाओं की पहचान पर जोर

रायपुर, 27 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने खेल अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों की मासिक प्रगति रिपोर्ट उप मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन खेल परिसर, स्टेडियम और खेल मैदान तय समय में पूरे हों और उनकी गुणवत्ता खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, रायपुर में आयोजित खेल विभाग की समीक्षा बैठक में अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता वी.एस. कोरम को खेल अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर अप्रारंभ कार्य शुरू करने तथा हर महीने उप मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने सभी जिला खेल अधिकारियों को कम उम्र में प्रतिभाओं की पहचान कर उनके प्रशिक्षण और ग्रूमिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ-साथ संभावनाशील खिलाड़ियों की विस्तृत प्रोफाइल तैयार करने को भी कहा।

उन्होंने हर जिले में सभी खेलों के संघ गठित करने, उनका पंजीयन कराने तथा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक खिलाड़ियों और खेल संघों को जोड़ने के निर्देश दिए।

अरुण साव ने खेल अधिकारियों को स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, पुलिस और वन विभाग के खेल आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेकर उभरती प्रतिभाओं की पहचान करने तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय कर स्कूलों में प्रतिदिन खेल का एक पीरियड सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों, नई तकनीकों, खेल उपकरणों और नियमों के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर, उप संचालक रवि अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता वी.एस. कोरम तथा सभी जिलों के खेल अधिकारी, वरिष्ठ प्रशिक्षक और प्रशिक्षक उपस्थित थे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर