हांगझोउ में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत का शानदार प्रदर्शन
हांगझोउ (चीन)/नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। भारत की युवा निशानेबाज ईशा सिंह ने आईएसएसएफ विश्व कप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया है। इसी स्पर्धा में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कांस्य पदक अपने नाम कर भारत को एक ही स्पर्धा में दो पदक दिलाए।
फाइनल मुकाबले में ईशा सिंह ने शानदार निशानेबाजी करते हुए 40 हिट के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। चीन की झांग यूयुए को रजत पदक मिला, जबकि मनु भाकर ने 28 हिट के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
भारतीय निशानेबाजों के इस प्रदर्शन से आईएसएसएफ विश्व कप में देश की पदक संख्या और मजबूत हुई है। ईशा सिंह का यह स्वर्ण पदक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन का प्रमाण माना जा रहा है, वहीं मनु भाकर ने एक बार फिर बड़े मंच पर अपनी निरंतरता साबित की।
इस उपलब्धि पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दोनों निशानेबाजों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि ईशा सिंह और मनु भाकर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगी और अपनी उपलब्धियों से युवाओं को खेलों के प्रति समर्पण, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
