सेन शक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा; केश शिल्पियों की मांगों पर गंभीरता से विचार का भरोसा
रायपुर, 8 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को सेन समाज के लिए नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने की घोषणा की। उन्होंने सेन समाज को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

साय ने कहा कि सेन समाज का भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों और सामाजिक समरसता में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक विभिन्न सामाजिक संस्कारों में सेन समाज की भूमिका रही है।
केश शिल्पियों की मांगों पर विचार का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि केश शिल्पियों और पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने सेन समाज की वर्तमान जरूरतों और मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया।
उन्होंने बताया कि सैलून संचालकों को किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज के लोगों को कारपेंट्री किट उपलब्ध कराने जैसी पहल पहले की जा चुकी है।

कर्पूरी ठाकुर का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के संघर्ष का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का सेन समाज से होना समाज के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी सेन समाज की सामाजिक भूमिका और कर्पूरी ठाकुर के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास और विधायक रिकेश सेन के समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक खरीदी का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। उनके अनुसार ढाई वर्षों में इस योजना के तहत 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई है।
मुख्यमंत्री ने भूमिहीन कृषि मजदूरों, तेंदूपत्ता संग्राहकों, युवाओं के रोजगार, निवेश प्रस्तावों और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया।
700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध
साय ने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि शिकायतों के निराकरण के लिए अलग-अलग स्तर की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित युवाओं को केश शिल्पी किट भी वितरित किए। सम्मेलन में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक रिकेश सेन, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास सहित सेन समाज के प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
