रायपुर, 26 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया और भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से वादा किया था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर सीजीपीएससी भर्ती मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने वादे के अनुरूप मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी और अब सीबीआई इस प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के दौरान तत्कालीन सीजीपीएससी अध्यक्ष सहित मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “किसी भी क्षेत्र में यदि कोई अपराध करेगा, तो उस अपराधी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब सीजीपीएससी भर्ती घोटाले की जांच में सीबीआई लगातार कार्रवाई कर रही है और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल जारी है।
