रायपुर, 22 जुलाई 2026। रायपुर में भाजपा के राजीव भवन घेराव के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने हो गये। इस दौरान पथराव और बोतलबाजी में 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक भी शामिल है, जबकि दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घटना में जवानों के घायल होने की पुष्टि की है।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली हुई थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव और बोतलें फेंकी गईं, जिससे ड्यूटी पर तैनात 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ में फंसने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहीं प्रशिक्षु उपनिरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है और उनका उपचार जारी है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
राजीव भवन घेराव के दौरान हुई इस घटना को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड के पीछे से पथराव और बोतलबाजी की। वहीं कांग्रेस का दावा है कि भाजपा कार्यकर्ता ही पत्थर लेकर पहुंचे थे और उन्होंने कांग्रेस कार्यालय की ओर पथराव किया। दोनों दलों ने घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

