चयनित कलाकारों को सालाना 12 से 24 हजार रुपये मिलेंगे
रायपुर, 5 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों के लिए मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित कलाकारों को उनकी पात्रता के आधार पर प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है।
संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय के अनुसार योजना में लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन और सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए कलाकार का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन होना जरूरी है। साथ ही सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की प्रति संलग्न करनी होगी।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक से भेजना होगा। आवेदन पत्र संस्कृति विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं या नया रायपुर स्थित संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन भेजते समय लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” लिखना अनिवार्य है।
विभाग के अनुसार प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र कलाकारों का चयन किया जाएगा और प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से जमा की जाएगी।
