फिर पेपर लीक ? , महाराष्ट्र में हंगामा

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

मुंबई, 29 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। देश में परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और पेपर लीक रोकने को लेकर संसद में चर्चा के बीच महाराष्ट्र में महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की औषध निरीक्षक (Drug Inspector) भर्ती परीक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप लगाए गए हैं, हालांकि आयोग ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि प्रश्नपत्र लीक होने का कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। मामले की जांच की जा रही है।

रोहित पवार ने लगाए आरोप

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने आरोप लगाया कि औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले व्हाट्सऐप के जरिए प्रसारित किया गया था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने दावा किया कि कुछ प्रश्न परीक्षा से पहले प्रसारित दस्तावेजों में मौजूद थे और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

MPSC ने आरोपों को नकारा

महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग ने पेपर लीक के आरोपों को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि शिकायतों को देखते हुए मामले की जांच और शिकायत की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

कुछ रिपोर्टों में यह भी सामने आया है कि कथित रूप से वायरल प्रश्नपत्र और वास्तविक परीक्षा प्रश्नपत्र के बीच अंतर होने की बात कही गई है।

22 मार्च को हुई थी परीक्षा

MPSC ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अंतर्गत औषध निरीक्षक पदों के लिए परीक्षा आयोजित की थी। आरोप है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र के कुछ दस्तावेज सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए। इसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हुआ।

जांच के बाद ही होगा आगे फैसला

फिलहाल पेपर लीक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां और आयोग यह पता लगाने में जुटे हैं कि वायरल दस्तावेज वास्तविक परीक्षा से जुड़े थे या नहीं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर अंतिम निर्णय जांच के निष्कर्षों के आधार पर लिया जाएगा।

परीक्षा सुधार पर फिर बहस

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब संसद में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा चल रही है। विधेयक में पेपर लीक, संगठित परीक्षा अपराध और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के प्रावधानों पर चर्चा हो रही है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर