प्रधानमंत्री से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री के मामले में मेटा इंडिया के अधिकारियों पर एफआईआर

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने भाजपा की शिकायत पर दर्ज किया मामला, जांच शुरू


हैदराबाद, 31 जुलाई 2026, वाय के न्यूज।हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संबंधित कथित आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में मेटा इंडिया के अधिकारियों और कई सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ की शिकायत के आधार पर की है।
हैदराबाद साइबर क्राइम के पुलिस उपायुक्त अरविंद बाबू ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री के संबंध में आपत्तिजनक और कथित रूप से विकृत सामग्री प्रसारित की गई।
भाजपा की तेलंगाना इकाई का आरोप है कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान प्रधानमंत्री को निशाना बनाते हुए तैयार की गई सामग्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से प्रसारित किया गया। पार्टी ने इसे मानहानिकारक बताते हुए संबंधित व्यक्तियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
भाजपा के तेलंगाना मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी एन. वी. सुभाष ने कहा कि उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस से औपचारिक शिकायत कर संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी के चरित्र हनन या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार की अनुमति नहीं दी जा सकती।
पुलिस ने अभी तक एफआईआर में लगाई गई धाराओं का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है। मामले में जांच जारी है और अभी किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर