मुख्यमंत्री के नाम कमिश्नर को ज्ञापन
दो प्रतिशत महँगाई राहत की राशि (डीआर) एरियर सहित भुगतान की मांग
रायपुर 19अगस्त 2026/ भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई के आव्हान पर राज्य के लाखों पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान जनवरी 2026 से देय दो प्रतिशत महँगाई राहत (डीआर) एरियर सहित प्रदान करने की मांग को लेकर आज 19 अगस्त 2026, बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय परिसर रायपुर में भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। यह महासंघ के प्रदेश व्यापी आंदोलन का दूसरा चरण था।
प्रदर्शन के बाद महासंघ के प्रतिनिधियों ने संभागीय कमिश्नर श्री श्याम धावड़े को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ रायपुर संभाग के संभागीय अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पेंशनरों की इस न्यायोचित मांग को लेकर महासंघ द्वारा लगातार राज्य शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।
श्री सिन्हा ने कहा कि जनवरी 2026 से केंद्र सरकार के समान देय दो प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ राज्य के पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों को भी तत्काल एरियर सहित प्रदान किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में 5 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में जिला इकाइयों द्वारा कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद आंदोलन के दूसरे चरण में 19 अगस्त को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन, नारेबाजी और मुख्यमंत्री के नाम संभागीय कमिश्नरों को ज्ञापन के माध्यम से पेंशनरों की मांग को शासन तक पहुँचाया गया।
संभागीय अध्यक्ष श्री सिन्हा सहित महासंघ के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा पेंशनरों को जनवरी 2026 से दो प्रतिशत अतिरिक्त महँगाई राहत का लाभ दिए जाने के बावजूद छत्तीसगढ़ राज्य के पेंशनरों को इसका लाभ अब तक नहीं मिलने पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है। साथ ही केन्द्र के। समान दो प्रतिशत महँगाई राहत का आदेश एरियर सहित शीघ्र जारी करने की मांग की है ।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आज 19अगस्त को संभागीय मुख्यालय और प्रदेश की राजधानी रायपुर में आयोजित प्रदर्शन में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष श्री वीरेन्द्र नामदेव सहित प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारी सर्वश्री अनिल गोल्हानी, प्रवीण कुमार त्रिवेदी, लोचन पांडेय, बी. एस. दसमेर, आर. जी. बोहरे, ओ. डी. शर्मा, डॉ. श्रीमती शेषा सक्सेना, सुरेश मिश्रा, आर. के. दीक्षित, अनिल पाठक, एन. के. कन्नौजे, एम. एन. पाठक, मालिकराम वर्मा, अनिल तिवारी, टी. एल. चंद्राकर, तपन चक्रवर्ती, मालिकराम चंद्राकर, शरद अग्रवाल, आर. के. साहू, आर. के. श्रीवास्तव और बड़ी संख्या में पेंशनर शामिल हुए।
प्रेस विज्ञप्ति में महासंघ की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि पेंशनरों की इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की 6 सितंबर को बिलासपुर में होनेवाली कार्यसमिति की बैठक में निर्णय लेकर संगठन आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को जारी रखा जाएगा ।
**
