पीओके पर ही होगी बात, रक्षामंत्री का पाकिस्तान को कड़ा संदेश

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

ऑपरेशन सिंदूर हर दुस्साहस का जवाब

द्रास, 26 जुलाई, 2026, वाय के न्यूज। 27वें कारगिल विजय दिवस पर द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया है कि भारत पाकिस्तान के हर दुस्साहस का उसकी कल्पना से भी अधिक कठोर जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने दो टूक कहा कि पाकिस्तान के साथ यदि कोई बातचीत होगी तो वह केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर होगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को अपनी राज्य नीति का हिस्सा बना लिया है। इसलिए भारत अब आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण देने वाली सरकार को अलग-अलग नहीं देखता। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान यह संदेश स्पष्ट कर दिया गया कि भारत अपनी संप्रभुता के खिलाफ हर चुनौती का निर्णायक जवाब देगा।

रक्षा मंत्री ने भारत और पाकिस्तान की विकास यात्रा की तुलना करते हुए कहा कि आज भारत नवाचार, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप, अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक में आगे बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान आतंकवाद, घुसपैठ और कट्टरपंथ को बढ़ावा देने में लगा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की दिशा और सोच पूरी तरह अलग है।

कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उनका बलिदान देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल आर्थिक विकास का लक्ष्य नहीं, बल्कि रणनीतिक शक्ति, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक सद्भाव का भी संकल्प है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा और सैनिकों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि भारत अब अपने करीब 65 प्रतिशत रक्षा उपकरण देश में ही बना रहा है, जबकि पहले 65-70 प्रतिशत रक्षा सामग्री आयात करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी हथियारों और रक्षा प्रणालियों के निर्माण में लगातार प्रगति हो रही है, लेकिन “ये दिल मांगे मोर” की भावना के साथ भारत और अधिक आधुनिक हथियार, लड़ाकू विमान, पनडुब्बियां और मिसाइलें विकसित करता रहेगा।

समारोह के दौरान रक्षा मंत्री ने कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों से भी मुलाकात की।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर