नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का कैंपस, 40 एकड़ में बनेगा आधुनिक संस्थान

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 1 सितंबर 2026। देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में मंगलवार को संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ भूमि पर NMIMS का कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह भूमि 90 वर्ष की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

दो-तीन साल में शुरू होगा पहला बैच

संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया सात वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। हालांकि, विद्यार्थियों को इसका लाभ पहले मिलना शुरू हो जाएगा। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम हो और उन्हें प्रदेश में ही प्रतिष्ठित संस्थानों के समान अवसर मिलें, इसके लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने NMIMS की स्थापना को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रबंधन और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के अवसर

NMIMS के आने से प्रदेश में प्रबंधन, कौशल विकास और आधुनिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। संस्थान से कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता को भी गति मिलने की उम्मीद है।

देश के दूसरे हिस्सों से विद्यार्थियों और शिक्षकों के नवा रायपुर आने से शहर में विविधतापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित होने की संभावना है। उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ने से स्थानीय उद्योगों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में भी मदद मिल सकती है।

नवा रायपुर को एजुकेशन हब बनाने की दिशा में कदम

राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। NMIMS का कैंपस इस प्रयास में एक महत्वपूर्ण संस्थागत जुड़ाव माना जा रहा है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार मौजूद रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर