रायपुर, 4 सितंबर 2026, वाय के न्यूज। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू ने शुक्रवार को बिलासपुर-दुर्ग सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने दुर्ग और रायपुर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट और विभिन्न निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों का जायजा लिया।
दुर्ग स्टेशन पर उन्होंने दोनों ओर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। इनमें आरपीएफ बैरक, नए प्लेटफॉर्म, ओवरहेड टैंक, यात्री प्रतीक्षालय, पार्सल कार्यालय और स्टाफ क्वार्टर से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने कोचिंग डिपो दुर्ग का भी निरीक्षण किया।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक ने मुख्य प्रवेश द्वार और गुढ़ियारी साइड में चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के मॉडल और ले-आउट प्लान का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, निर्धारित समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।
साहू ने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास के दौरान यात्री सुविधाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए और रेल परिचालन भी सुचारू रूप से जारी रहना चाहिए।
उन्होंने दोनों स्टेशनों पर वर्तमान में संचालित कार्यालयों की शिफ्टिंग की व्यवस्था की भी जानकारी ली, ताकि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को असुविधा न हो और सुरक्षित एवं सुगम यातायात बना रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, अपर मंडल रेल प्रबंधक, गति शक्ति यूनिट के अधिकारियों सहित मुख्यालय और मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
