छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के स्थापना दिवस पर साहित्यकारों का सम्मान, 11 पुस्तकों का होगा विमोचन

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 12 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का कार्यालय स्थापना दिवस समारोह 14 अगस्त को रायपुर के सिविल लाइंस स्थित कन्वेंशन हॉल, न्यू सर्किट हाउस में आयोजित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में योगदान देने वाले साहित्यकारों का सम्मान, पुस्तकों का विमोचन, साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

समारोह के उद्घाटन सत्र में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप विशेष अतिथि तथा रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा के सेवा क्षेत्र में योगदान के लिए पांच साहित्यिक एवं सांस्कृतिक हस्तियों का ‘मया चिन्हारी’ से सम्मान किया जाएगा। इनमें साहित्यकार चेतन भारती (रायपुर), आकाशवाणी के सेवानिवृत्त कार्यक्रम अधिकारी समीर शुक्ला, आकाशवाणी के सेवानिवृत्त उद्‌घोषक संजय पाण्डेय, साहित्यकार चौवाराम वर्मा ‘बादल’ तथा वरिष्ठ टीवी एंकर एवं पत्रकार ज्योति सिंह शामिल हैं।

11 पुस्तकों का होगा विमोचन

समारोह में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा चयनित 11 पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। इनमें डॉ. परदेशी राम वर्मा की जगमगा आगास अउ उज्जर धरती, रामनाथ साहू की हंसा, नारायण प्रसाद वर्मा की चुरवा भर के व्यास, विशाल वैष्णव की ‘अचिन्त्य’ रामायण भाग-4 (बलबर हनुमान), सुरेश प्रसाद जायसवाल की बिलौती, बंगाली प्रसाद ताम्रकार की कलम के नांगर, जगदीश सोनी की सुमिलहा, दिनेश चौहान की कहिनी अउ लोककथा, रमेश विश्वहार की हम तो ममा राम के, पं. विजय कुमार पाण्डेय की सुन्दरकाण्ड तथा हरीशंकर देवांगन की एक कहानी हाना के भाग दो शामिल हैं।

पुस्तक विमोचन के बाद ‘अतिथि मन के मया चिन्हारी ले सम्मान’ कार्यक्रम होगा।

‘बबा तुलसीदास के साहित्य म छत्तीसगढ़ी’ पर चर्चा

समारोह के दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक गोठ-बात एवं चर्चा गोष्ठी होगी। इसका विषय ‘बबा तुलसीदास के साहित्य म छत्तीसगढ़ी’ रखा गया है। इसमें कला संकाय एवं राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के अधिष्ठाता प्रो. राजन यादव तथा आध्यात्मिक चिंतक एवं सलाहकार संपादक न्यूज 24/भगवदाचार्य संदीप अखिल वक्ता के रूप में शामिल होंगे।

इसके बाद दोपहर 2 से 3 बजे तक भोजन का कार्यक्रम रखा गया है।

तीन घंटे चलेगा छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन

समारोह के तीसरे सत्र में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कवि सम्मेलन एवं समापन सत्र आयोजित होगा। इसमें आमंत्रित साहित्यकार मन के छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन में अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम का मंच संचालन रायपुर के विजय मिश्रा ‘अमित’ करेंगे। समारोह के लिए आभार प्रदर्शन छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की अनुवादक सुषमा गौरेहा करेंगी।

समारोह में संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन, संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर