रायपुर, 21 जुलाई 2026 । छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी (सीएसपीजीसीएल) की गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान को भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने 5-स्टार रेटिंग प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए किए गए राष्ट्रीय मूल्यांकन में खदान ने 92 प्रतिशत अंक हासिल किए।
कोयला मंत्रालय की जारी स्टार रेटिंग सूची के अनुसार, गारे पेलमा सेक्टर-III ने देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में 20वां स्थान प्राप्त किया। यह गारे पेलमा कोलफील्ड की सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली खदानों में भी शामिल रही।
सीएसपीजीसीएल के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। वहीं, प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार ने बताया कि इससे पहले भी केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) ने गारे पेलमा खदान को सम्मानित किया था। वार्षिक कोयला खान सुरक्षा पखवाड़ा-2025 में खदान को सात राष्ट्रीय पुरस्कार मिले थे। साथ ही, पिछले पांच वर्षों से सुरक्षा मानकों के पालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए इसे लगातार प्रथम पुरस्कार मिलता रहा है।
कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग खदानों का मूल्यांकन खनन संचालन, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक के उपयोग, आर्थिक प्रदर्शन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिक कल्याण तथा सुरक्षा जैसे सात प्रमुख मानकों पर करता है।
कंपनी का कहना है कि 5-स्टार रेटिंग इस बात का प्रमाण है कि गारे पेलमा सेक्टर-III खदान केवल कोयला उत्पादन ही नहीं, बल्कि सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और सतत (सस्टेनेबल) खनन के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर खरी उतरी है।
