खेल नीति के लिए सुझाव जुटाने रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव,

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

विशेषज्ञों ने तैयार किया रोडमैप

रायपुर, 28 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ में खेलों और खिलाड़ियों के लिए दीर्घकालिक नीति एवं बेहतर खेल इको-सिस्टम तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजधानी रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासकों, विशेषज्ञों, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, पूर्व खिलाड़ियों और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर राज्य के खेल विकास की रणनीति पर मंथन किया।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कॉन्क्लेव का शुभारंभ करते हुए कहा कि विकसित और समर्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और राज्य को सक्षम मानव संसाधन प्राप्त होगा। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने तथा मौजूदा खेल अधोसंरचनाओं का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित पहले सत्र में नेतृत्व, खेल प्रोत्साहन और प्रतिभा खोज जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों की चर्चाओं से प्राप्त सुझावों को राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की दिशा में लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी जिलों में खेल संघों के सुदृढ़ गठन, नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली की आवश्यकता भी बताई।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में कहा कि कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 150 करोड़ रुपये से अधिक लागत के खेल अधोसंरचना संबंधी निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं।

पहले सत्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर तथा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बड़ा मंच प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कॉन्क्लेव से तैयार होने वाला रोडमैप प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा।

कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, विभिन्न जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी तथा खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर