नई दिल्ली, 29 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने अपने गेहूं आटे (Wheat Flour) की एक विशेष खेप को वापस लेने (Recall) की प्रक्रिया शुरू की है। केरल के कोट्टायम स्थित खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त कार्यालय के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच में संबंधित खेप में क्लोरपायरीफोस (Chlorpyrifos) कीटनाशक अवशेष निर्धारित अधिकतम सीमा से अधिक पाए गए थे।
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी सूचना में बताया कि उसे खाद्य सुरक्षा विभाग का आदेश प्राप्त हुआ है। यह आदेश 20 जुलाई 2026 को जारी किया गया था और कंपनी को इसकी जानकारी 24 जुलाई 2026 को मिली। इसके बाद संबंधित बैच को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की गई।
केवल एक बैच पर कार्रवाई
कंपनी के अनुसार यह कार्रवाई पूरे पतंजलि आटा उत्पाद पर नहीं, बल्कि गेहूं आटे की एक चिन्हित खेप (Specific Batch) तक सीमित है। कंपनी ने कहा है कि इससे उसके सामान्य कारोबार या परिचालन पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा और वित्तीय असर केवल प्रभावित खेप के मूल्य तक सीमित रहेगा।
किस कारण से हुआ रिकॉल?
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की जांच में संबंधित आटे के नमूने में क्लोरपायरीफोस की मात्रा अधिक पाई गई। खाद्य उत्पादों में कीटनाशक अवशेषों की अधिकतम सीमा तय होती है। निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत रिकॉल की कार्रवाई की जाती है।
