अंडर-20 विश्व कुश्ती में भारतीय महिला पहलवानों का जलवा, छह पदक

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

मानसी लाठर ने जीता रजत, तन्वी गुंदेश मगदुम और कोमल को कांस्य; काजल धोचक ने दिलाया स्वर्ण

ब्रातिस्लावा, 23 अगस्त। वाय के न्यूज। स्लोवाकिया में चल रही अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन और पदक अपने नाम किए। मानसी लाठर ने रजत, जबकि तन्वी गुंदेश मगदुम और कोमल ने कांस्य पदक जीता। इसके साथ भारतीय महिला टीम की पदक संख्या एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य सहित छह हो गई।

68 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में मानसी लाठर को चीन की चेनलिंग सोंग ने कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया। मानसी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

57 किलोग्राम वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में तन्वी गुंदेश मगदुम ने कनाडा की एग्निया क्राकोवस्का को 10-4 से हराया। वहीं 59 किलोग्राम वर्ग में कोमल ने हंगरी की एडा बालाज को 5-2 से मात देकर कांस्य पदक हासिल किया।

इससे पहले महिलाओं के मुकाबलों में 18 वर्षीय काजल धोचक ने 76 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में चीन की जिंगरू सन को 7-0 से हराकर विश्व खिताब अपने नाम किया। काजल के अलावा तनु शर्मा ने 72 किलोग्राम और सविता ने 62 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता।

72 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में तनु शर्मा को जापान की चिसातो योशिदा ने 5-3 से हराया। वहीं 62 किलोग्राम वर्ग में सविता को जापान की सकुरा ओनिशी के खिलाफ 2-12 से हार का सामना करना पड़ा।

महिला वर्ग में भारत के छह पदकों के साथ भारतीय कुश्ती की जूनियर प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूत प्रदर्शन दर्ज कराया है। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में भारतीय पहलवान पुरुष फ्रीस्टाइल के 57, 65, 79 और 92 किलोग्राम वर्गों में चुनौती पेश करेंगे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर