लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, 21 जुलाई2026(वाय के न्यूज डेस्क)। संसद के मॉनसून सत्र का दूसरा दिन भी विपक्ष के हंगामे के कारण लगभग पूरी तरह बाधित रहा। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने नीट-यूजी पेपर लीक, छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई तथा अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी जैसे मुद्दों पर तत्काल चर्चा की मांग की। लगातार नारेबाजी के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही पहले 12 बजे, फिर दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। दोबारा बैठक शुरू होने पर भी गतिरोध खत्म नहीं हुआ और अंततः दोनों सदनों की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी है।
लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्य आसन के समीप पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से नियमों के तहत अपनी बात रखने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहने पर सदन को स्थगित करना पड़ा। दोपहर में सदन दोबारा शुरू होने पर भी विपक्ष का विरोध जारी रहा और सूचीबद्ध सरकारी कार्य पूरे नहीं हो सके।
राज्यसभा में भी लगभग यही स्थिति रही। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने छात्रों के प्रदर्शन पर कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए इस पर चर्चा कराने की मांग की। हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी बार-बार स्थगित करनी पड़ी और अंततः दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद परिसर में कहा कि विपक्ष छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा चाहता है, लेकिन सरकार चर्चा से बच रही है। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री से छात्रों के प्रति जवाबदेही निभाने की मांग की।
संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन भी दोनों सदनों की कार्यवाही विपक्ष के विरोध के कारण बार-बार बाधित हुई थी। पहले दिन भी नीट पेपर लीक, अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया था, जिसके कारण कोई महत्वपूर्ण विधायी कार्य नहीं हो सका।
