सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार
नई दिल्ली, 23 जुलाई 2026 (वाय के न्यूज)। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत के लिए आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है और बातचीत से ही समाधान निकल सकता है।
डॉ. सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदर्शन में शामिल छात्र प्रतिनिधियों को चार बार बातचीत का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और वह स्वयं वार्ता के दौरान मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि छात्र केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास या उनके कार्यालय में आकर खुले मन से अपनी बात रख सकते हैं। सरकार उनकी सभी चिंताओं पर चर्चा करने के लिए तैयार है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह स्पष्ट किया है कि छात्रों का हित सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि हाल के पेपर लीक मामलों के आरोपियों से जुड़े मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि बिना बातचीत के कोई समाधान नहीं निकलेगा, इसलिए छात्रों को संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।
