नई दिल्ली,17जुलाई2026(वाय के न्यूज)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना किया।इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। इस रेलगाडी का शुभारंभ रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने हरियाणा में 14 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। श्री मोदी ने 157 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित किया। यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर 667 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली और कटरा के बीच यात्रा का समय 14 घंटे से घटकर लगभग छह घंटे हो जाएगा, जबकि दिल्ली-अमृतसर की यात्रा का समय लगभग आठ घंटे से घटकर चार घंटे हो जाएगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले बारह वर्ष में भारतीय रेलवे में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने हाल के वर्षों में विकास के एक नए चरण को देखा है और प्रगति के पथ पर अग्रसर हुआ है। वहीं रेलमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि यह रेल पूरी तरह पर्यावरण प्रदूषण से मुक्त है।
