छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 17जुलाई 2026, (वाय के न्यूज)। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले कुछ दिनों के ब्रेक के बाद शुक्रवार से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र फिलहाल सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से कई किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी।

विभाग ने रायपुर, महासमुंद, धमतरी, राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है।

इसके अलावा बस्तर और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए भी वर्षा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश होने और गरज-चमक की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश में अच्छी वर्षा की संभावना बढ़ गई है, जिससे खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के उफान की स्थिति बन सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर