रायपुर,30 जुलाई, वाय के न्यूज। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और दिवंगत खेल विभूति स्वर्गीय श्री द्वारिका प्रसाद तिवारी की स्मृतियों को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 2 अगस्त को रायपुर में स्वर्गीय श्री द्वारिका प्रसाद तिवारी स्मृति खेल पुरस्कार एवं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में खेल जगत की विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति के साथ जिले के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर वर्ष 2026 का “स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद तिवारी स्मृति खेल पुरस्कार’ राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी एवं कोच पवन कुमार सिंह को प्रदान किया जाएगा। खेलों के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर पर उनके उल्लेखनीय योगदान के सम्मान स्वरूप उन्हें यह पुरस्कार दिया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में इस बार छह खेलों को शामिल किया गया है। रायपुर के 10 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे। प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों में आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों और किशोर खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल सके।
स्वर्गीय श्री द्वारिका प्रसाद तिवारी ने कबड्डी खिलाड़ी, कोच और मैनेजर के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने का एक प्रयास भी है।
गौरतलब है कि पूर्व वर्षों में स्वर्गीय श्री द्वारिका प्रसाद तिवारी की स्मृति में रायपुर के पंडरी स्थित प्रगति खेल मैदान में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता नियमित रूप से आयोजित होती थी। पिछले दो-तीन वर्षों से यह परंपरा बाधित हो गई थी। अब आयोजन समिति ने इसे नए स्वरूप में पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया है।
समिति का कहना है कि इस वर्ष बहु-खेल प्रतियोगिता के साथ इस परंपरा की नई शुरुआत की जा रही है। आने वाले समय में पुनः जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन भी किया जाएगा, ताकि कबड्डी खिलाड़ियों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।
दिवंगत खेल विभूति द्वारिका प्रसाद तिवारी की स्मृति फिर होगी जीवंत, 2 अगस्त को खेल पुरस्कार और जिला स्तरीय प्रतियोगिता
यह समाचार साझा करें
पढ़ने की सुविधा
अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।
अक्षर आकार
