
रायपुर, 3 अगस्त। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल-2026 में भारोत्तोलन का रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने सम्मान किया। नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित समारोह में उनके माता-पिता दीपक यादव और दुर्गा यादव को भी सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और इससे राज्य में खेलों का सकारात्मक माहौल तैयार होगा। उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव जैसे आयोजन कर रही है। खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विशेषकर पिता दीपक यादव के संघर्ष और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में उनके पिता साइकिल से उन्हें जिम लेकर जाते थे। पिता का सपना था कि उनकी बेटी एक दिन भारत का प्रतिनिधित्व करे और तिरंगा ऊंचा लहराए। इसी सपने ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का हौसला दिया।
ज्ञानेश्वरी ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप जैसे बड़े मंचों पर मिले अनुभव और चुनौतियों ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया। अब हर प्रतियोगिता में उनका लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और देश के लिए पदक जीतना होता है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक रश्मि ठाकुर, भारोत्तोलन संघ के पदाधिकारी तथा विभिन्न खेलों के खिलाड़ी भी उपस्थित थे।
