भारतीय हॉकी टीम में मधु सिदार और गीता यादव का चयन
रायपुर, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ की दो युवा हॉकी खिलाड़ियों ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रहीं मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय हॉकी अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
जशपुर की मधु सिदार का सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025 में हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। मधु ने इस वर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी हिस्सा लिया। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।
कबीरधाम की गीता यादव को अंतरराष्ट्रीय अनुभव
कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। वर्ष 2024 में उन्होंने नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह 2025 के अर्जेंटीना दौरे तथा 2026 में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रहीं। अब उन्हें जूनियर एशिया कप में देश के लिए खेलने का अवसर मिला है।
दो खिलाड़ियों के एक साथ भारतीय जूनियर टीम में चयन को छत्तीसगढ़ में हॉकी के बढ़ते स्तर और खेलो इंडिया सेंटर में तैयार हो रही नई प्रतिभाओं की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
