ग्लासगो, 31 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का पदक अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। गुरुवार देर रात भारतीय भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने पुरुषों के 110 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया, जबकि सीमा कलीरामना ने महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक अपने नाम किया।

इन दोनों पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या बढ़कर 17 हो गई है। भारत अब तक तीन स्वर्ण, 10 रजत और चार कांस्य पदक जीत चुका है तथा पदक तालिका में 10वें स्थान पर बना हुआ है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 110 पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर कायम है।
भारोत्तोलन में लवप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्नैच में राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि कुल भार में वह बेहद मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। न्यूजीलैंड के डेविड लिटी ने 389 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ्स 356 किलोग्राम भार के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रहे।
महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में सीमा कलीरामना ने 58.65 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर कांस्य पदक जीता। भारत की निधि रानी चौथे स्थान पर रहीं और पदक से मामूली अंतर से चूक गईं। इस स्पर्धा में जमैका की समंथा हॉल ने 61.66 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60.67 मीटर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
एथलेटिक्स में भारत के लिए अच्छी खबर यह रही कि स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पुरुषों के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। उनके साथ रोहित यादव और यशवीर सिंह भी फाइनल में पहुंच गए हैं। क्वालीफाइंग दौर में नीरज पांचवें, रोहित नौवें और यशवीर दसवें स्थान पर रहे।
पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में प्रवीण चित्रवेल और सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने भी फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर पदक की मजबूत दौड़ में बने हुए हैं। पांच स्पर्धाओं के बाद उन्होंने 4,339 अंक जुटाकर पहले दिन का समापन दूसरे स्थान पर किया।
