कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने लिखी पुस्तक; सेज प्रकाशन ने किया प्रकाशित
रायपुर, 10 सितंबर। वाय के न्यूज़।
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल द्वारा लिखित पुस्तक “मीडियामेट्रिक्स: एन इंट्रोडक्शन टू क्वांटिटेटिव रिसर्च इन मास कम्युनिकेशन” छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रमेन डेका को भेंट की गई।
विश्वविद्यालय के अनुसार यह मीडियामेट्रिक्स पर विश्व की पहली पुस्तक है। पुस्तक का प्रकाशन सेज प्रकाशन ने किया है।
मास कम्युनिकेशन, गणित और सांख्यिकी का संगम
पुस्तक में मास कम्युनिकेशन, गणित और सांख्यिकी को एक साथ लेकर मीडिया के प्रभाव को मात्रात्मक रूप से मापने और उसका विश्लेषण करने की पद्धति पर चर्चा की गई है।
विश्वविद्यालय के अनुसार पुस्तक मीडिया स्टडीज में उन्नत शोध के लिए एक मात्रात्मक ढांचा उपलब्ध कराती है। इसका उपयोग मीडिया के प्रभाव के अध्ययन और विश्लेषण से जुड़े शोध में किया जा सकता है।
राज्यपाल ने की पुस्तक की सराहना
विश्वविद्यालय प्रवास के दौरान प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने पुस्तक राज्यपाल रमेन डेका को भेंट की। राज्यपाल ने पुस्तक के अकादमिक योगदान की सराहना की और विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रो. दयाल को बधाई दी।
